Share this post with:
00 इनोवेशन महाकुंभ 1.0 का भव्य शुभारंभ, राज्यपाल ने कहा युवाओं सफलता का मंत्र सीखो, लागू करो, नया सोचो और कमाओ
00 महुआ, इमली और लघु वनोपजों के मूल्य संवर्धन से बढ़ेगी बस्तर की आर्थिक शक्ति
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका आज शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर में आयोजित दो दिवसीय इनोवेशन महाकुंभ 1.0 के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने बस्तर की कला, संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों को नवाचार से जोड़कर क्षेत्र की एक नई पहचान गढऩे का आह्वान किया।

युवाओं सफलता का मंत्र सीखो, लागू करो, नया सोचो और कमाओ
युवाओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और यहाँ के युवाओं में नौकरी खोजने के बजाय नौकरी देने वाला बनने की असीम क्षमता है। उन्होंने उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 केवल डिग्री तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कौशल और आत्मनिर्भरता की नींव रखती है। उन्होंने युवाओं को जोखिम लेने और तकनीक का बेहतर उपयोग करने का संदेश दिया।
बस्तर का बदलता स्वरूप- चुनौतियों से अवसरों की ओर
राज्यपाल ने कहा कि बस्तर अब चुनौतियों के दौर को पीछे छोड़कर विकास की नई राह पर है। यहाँ उपलब्ध महुआ, इमली, तेंदूपत्ता और रेशम जैसे संसाधनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि हमें कच्चा माल बेचने के बजाय स्थानीय स्तर पर वैल्यू एडिशन कर उत्पादों की ब्रांडिंग करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आज के दौर में मोबाइल फोन ही सबसे बड़ा बाजार है, जहाँ इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप बिजनेस और ई-कॉमर्स के जरिए स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच दिया जा सकता है।

महत्वपूर्ण कार्यक्रम और सम्मान
राज्यपाल ने नवाचार को बढ़ावा देने हेतु इन्नोवेशन एण्ड स्टार्टअप कंपेडियम पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण समावेशी विकास के लिए उन्होंने वनों और नदी-नालों के संरक्षण की आवश्यकता बताई।
एक पेड़ माँ के नाम अभियान
पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए राज्यपाल श्री रमेन डेका ने विश्वविद्यालय परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत मौलश्री के पौधे का रोपण किया। समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडेय सहित बस्तर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर, एसपी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और बड़ी संख्या में देश भर से आए विशेषज्ञ व छात्र उपस्थित रहे।

Share this post with:
12 May 2026 13 Views
12 May 2026 35 Views
12 May 2026 13 Views
12 May 2026 9 Views
11 May 2026 25 Views