Share this post with:
जगदलपुर। जिला प्रशासन की पहल पर दरभा क्षेत्र के 19 मजदूर कर्नाटक और हैदराबाद से वापस लाए गए। कलेक्टर विजय दयाराम के मार्गदर्शन में जिला के श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को उनके मेहनताना की राशि ठेकेदारों से वसूल कर लाने पर, कलेक्टर ने जिला कार्यालय में राशि का वितरण किया। साथ ही मजदूरों को अधिक मेहनताना की लालसा में अन्य राज्य पलायन नहीं करने की अपील की। इस दौरान कलेक्टर ने मजदूरों को उनकी मजदूरी की राशि का वितरण कर मौके पर राशि गिनवाई, एक बालक ने अशिक्षित होने के कारण राशि गिनने में असमर्थता जताई जिसके पर कलेक्टर ने उसे साक्षर बनाने के लिए साक्षरता अभियान से जोडऩे के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं।
ज्ञात हो कि विकासखंड दरभा क्षेत्र के 19 श्रमिक अधिक मजदूरी की लालच में कर्नाटक में 14 व हैदराबाद केएलपी. नगर में 05 मजदूर बोरिंग गाड़ी में मजदूरी कर रहे थे, जिन्हें मजदूरी भुगतान नहीं मिलने की शिकायत होने पर बस्तर जिला प्रशासन द्वारा दल का गठन किया जाकर 19 श्रमिकों को भुगतान सहित सकुशल गृहग्राम पहुंचाया गया है। उक्त 19 श्रमिकों को प्रशासन द्वारा राशि 07 लाख 31 हजार 500 रुपए दिलवाया गया जिसमें सन्ना सोढ़ी, समदू, धनीराम, कमलू, सन्नू को 56400 रुपए मिला। इसके अलावा घेनवा, अरकित, हिडमा, लखमा और राजू को 42300 रुपए, रागा 28500, पोदिया व सोमा को 35250, मुंगला मरकाम और लक्ष्मण मरकाम को 40 हजार सुखराम 07 हजार, दशमन 11 हजार, हांदाराम मरकाम और भवानी मरकाम को 20 हजार रुपए मेहनताना की राशि दिया गया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे, संयुक्त कलेक्टर सुनील शर्मा, श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
Share this post with: