नई दिल्ली। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब- हरियाणा बॉर्डर पर हंंगामा कर दिया है। केंद्रीय कृषि सुधार कानूनों के विरोध में पंजाब-हरियाणा के किसान दिल्ली चलो मार्च निकाले हैं। इस प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली- हरियाणा बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी है। यहां ड्रोन से नजर रखी जा रही है। अंबाला- पटियाला बॉर्डर पर प्रदर्शन उग्र हो गया। किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढऩे की कोशिश की। पथराव की भी खबर है। पुलिस ने किसानों पर वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। वह राशन-पानी के साथ दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं। वहीं, केंद्रीय यूनियनों ने श्रम सुधारों के खिलाफ देशव्यापी बंद बुलाया है। प्रदर्शनकारियों ने पश्चिम बंगाल में रेलवे ट्रैक ब्लॉक कर दिया। ओडि़शा और केरल में भी इस बंद का असर देखने को मिला है।