CNIN News Network

बिलासपुर में 74वें गणतंत्र दिवस पर मुख्य समारोह में संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने किया ध्वजारोहण

27 Jan 2023   264 Views

बिलासपुर में 74वें गणतंत्र दिवस पर मुख्य समारोह में संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने किया ध्वजारोहण

Share this post with:


0- नक्सल हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों को किया सम्मानित
बिलासपुर। बिलासपुर में 74वां गणतंत्र पर पुलिस ग्राउंड में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने परेड की सलामी लेकर ध्वजा रोहण किया। इस समारोह में राज्य सरकार की चार साल की उपलब्धियों की झांकी भी निकाली गई। समारोह के बाद संसदीय सचिव उपाध्याय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के घर पहुंचे और सम्मान किया।
पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में लोक निर्माण, गृह, जेल एवं पर्यटन विभाग के संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने ध्वजारोहण किया। इससे पहले परेड कमाण्डर प्रशिक्षु डीएसपी नुपूर उपाध्याय ने परेड का नेतृत्व किया। इस दौरान मौजूद लोग अपने स्थान पर खड़े होकर सम्मान किया, वहीं वर्दीधारी अधिकारियों ने सेल्यूट किया। मुख्य अतिथि उपाध्याय ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाए और हर्षोल्लास और उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। परेड कमाण्डर के नेतृत्व में पूरे परिधान में सजे हुए 12 प्लाटूनों ने भव्य एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। पुलिस एवं नगर सेना के जवानों और अधिकारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम में संसदीय सचिव उपाध्याय ने समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस अवसर मुख्य अतिथि ने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जिले के 26 जवानों एवं बलौदा बाजार जिले के एक जवान के परिजनों को सम्मानित किया। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नंदू राम भांगे को उनके घर जाकर शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
अधिकारी-कर्मचारी हुए पुरस्कृत--
समारोह में मुख्य अतिथि उपाध्याय ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 91 अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जिनमें स्वास्थ्य विभाग, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी शामिल है। मेजर ध्यानचंद पुरस्कार से कराटे के लिए किरण साहू और श्रीयांशी स्वर्णकार को पुरस्कृत किया गया। आदर्श अधीक्षक पुरस्कार योजना के तहत प्रथम पुरस्कार आदिवासी बालक छात्रावास बेलगहना के अधीक्षक एल. महेश्वर राव, द्वितीय पुरस्कार जरहाभाठा आदिवासी बैगा कन्या छात्रावास की अल्पना तिवारी और तृतीय पुरस्कार से आदिवासी कन्या आश्रम तखतपुर की अधीक्षक पुष्पा प्रधान को सम्मानित किया गया। विशेष श्रेणी का पुरस्कार जय अम्बे एमरजेंसी सर्विस के जैनुद्दीन खान को मिला। इन्होंने हाई टेंशन तार से झुलसे युवक की जान बचाने के लिए उन्हें हास्पिटल में एडमिट कराया। कार्यक्रम में महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चैहान, छ.ग. सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक, योग आयोग के सदस्य रविन्द्र सिंह, छ.ग. मछुआ कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र धीवर, नगर निगम के सभापति शेख नजरूदीन, कमिश्नर डा. संजय अलंग, पुलिस महानिरीक्षक बी.एन.मीणा, कलेक्टर सौरभ कुमार, पुलिस अधीक्षक पारूल माथुर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयश्री जैन, एडीएम आर.ए.कुरूवंशी, नगर निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत, विजय केशरवानी, विजय पाण्डेय, महेश दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web