CNIN News Network

मुख्यमंत्री की घोषणा से किसानों में खुशी की लहर, कर रहे धन्यवाद, कहा अब मिलेगा ज्यादा फायदा

24 Mar 2023   276 Views

मुख्यमंत्री की घोषणा से किसानों में खुशी की लहर, कर रहे धन्यवाद, कहा अब मिलेगा ज्यादा फायदा

Share this post with:

00 समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 क्विंटल प्रति एकड़ से बढ़कर हुई 20 क्विंटल
कोरिया। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने विधानसभा में किसानों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी करने की घोषणा की है। घोषणा के बाद से किसानों में खुशी की लहर है। इस फैसले का स्वागत करते हुए किसानों का कहना है कि अब वे अधिक धान बेच सकेंगे जिससे लाभ भी अधिक होगा।
कोरिया जिले के विकासखण्ड बैकुण्ठपुर के जामपारा के किसान कृष्ण रजवाड़े ने घोषणा पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उन्होंने पिछले सीजन में 28 क्विंटल धान की बिक्री की है और अभी अपने खेत में टमाटर, गोभी भी उगा रहे हैं। उन्हें पहले ही धान बेचकर काफी फायदा हुआ है, अब प्रति एकड़ 20 क्विंटल खरीदी से ज्यादा धान बेच सकेंगे। पोत्रीडांड के किसान कोलेश्वर सिंह बताते हैं कि उन्होंने इस वर्ष 42 क्विंटल धान बेचा है। मुख्यमंत्री द्वारा समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 15 क्विंटल प्रति एकड़ से बढाकर 20 क्विंटल किए जाने से अब उन्हें अतिरिक्त धान को बेचने की चिंता नहीं रहेगी।
ग्राम ओडग़ी के किसान तेजप्रकाश राजवाड़े बताते हैं कि वे 2.5 एकड़ में धान बोते हैं, पिछली बिक्री 15 क्विंटल की हुई थी। उन्हें और उनके परिवार को जैसे ही इस घोषणा के बारे में पता चला सभी बहुत खुश हुए, क्योंकि इससे हमारे जैसे किसानों को और अधिक लाभ मिलेगा। इस घोषणा के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद दिया।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा में चर्चा के बाद विनियोग विधेयक 2023 पारित कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हमारे राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हमारे किसान हैं। सम्पूर्ण विश्व आज खाद्य संकट की अग्रसर हो रहा है। इसका मुख्य कारण है कृषि का अलाभप्रद होना। छत्तीसगढ़ सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों को सशक्त बना रही है। उन्हें इनपुट सब्सिडी का लाभ भी दे रहे हैं और अब समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ धान की खरीदी 15 क्विंटल से बढ़ाकर 20 क्विंटल करने जा रहे हैं।

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web